के.के. कॉलेज, इटावा में दो दिवसीय विद्यार्थी दीक्षारंभ कार्यक्रम का शुभारम्भ

के.के. कॉलेज, इटावा में नवप्रवेशित स्नातक एवं परास्नातक विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अंतर्गत अध्ययन प्रणाली, अनुशासन व्यवस्था एवं महाविद्यालय की विभिन्न व्यवस्थाओं से परिचित कराने के उद्देश्य से दो दिवसीय विद्यार्थी दीक्षारंभ कार्यक्रम (Student Induction Programme) का शुभारम्भ बुधवार, 5 अगस्त 2026 को किया गया।कार्यक्रम का शुभारम्भ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. महेन्द्र सिंह ने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। उद्घाटन सत्र में बी.ए., बी.कॉम. एवं बी.एससी. प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
एकेडमिक समिति के समन्वयक प्रो. मनोज गुप्ता ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। प्राचार्य प्रो. महेन्द्र सिंह ने अपने संबोधन में बताया कि विद्यार्थी दीक्षारंभ कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित विद्यार्थियों को नई शिक्षा नीति, महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था एवं छात्रहित सेवाओं से परिचित कराना है, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अंतर्गत वार्षिक प्रणाली के स्थान पर सेमेस्टर प्रणाली एवं सतत आंतरिक मूल्यांकन लागू किया गया है। उन्होंने विद्यार्थियों को क्रेडिट आधारित शिक्षा प्रणाली, एसजीपीए (SGPA), सीजीपीए (CGPA) एवं ग्रेडिंग व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से आज से ही अपना लक्ष्य निर्धारित कर धैर्य, अनुशासन एवं निरंतर परिश्रम के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा, “यदि आपने धैर्य रखना नहीं सीखा, तो आप अपने लक्ष्य से भटक जाएंगे।” उन्होंने महाविद्यालय की समय-सारिणी, नियमित उपस्थिति एवं अध्ययन व्यवस्था की भी विस्तृत जानकारी दी।विद्यार्थियों को व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ने पर जोर दिया तथा फोन को अनावश्यक रूप से उपयोग न करने को प्रेरित किया।
मुख्य अनुशासन अधिकारी प्रो. सुनील सिंह सेंगर ने अनुशासन व्यवस्था, ड्रेस कोड, खेलकूद, एनसीसी एवं रैगिंग निषेध की जानकारी दी। डॉ. अजीत दीक्षित ने राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), श्रीमती रत्नकुमारी ने केंद्रीय पुस्तकालय तथा प्रो. ओमकुमारी ने महाविद्यालय की शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी दी तथा महाविद्यालय की सेंट्रेल लाइब्रेरी का लाभ उठाकर नोट्स बनाकर अध्ययन करने को प्रेरित किया। डॉ. अजय ने रोवर्स-रेंजर्स से जुड़कर समाजसेवा एवं व्यक्तित्व विकास के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। डॉ. संदीप ने महाविद्यालय में उपलब्ध प्राथमिक चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के गौरवशाली पूर्व छात्रों की उपलब्धियों,महाविद्यालय की प्रगति एवं विभिन्न गतिविधियों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री का भी प्रदर्शन किया गया। पावर पॉइंट प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी कौशलेन्द्र यादव ने निभाई।कार्यक्रम का संचालन डा सुजीत यादव ने किया।कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी विभाग प्रभारी उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से प्रो. अरुण, प्रो. साजिया अख्तर, प्रो. हिमांशु कुमार, प्रो. अनिल दीक्षित, डॉ. रविन्द्र प्रताप सिंह, डॉ. धर्मेन्द्र, डॉ. नमिता, डॉ. बिंदु सिंह, डॉ. नीता पाण्डेय, डॉ. मिथलेश दीक्षित, डॉ. जी.एस. गुप्ता, डॉ. सुशील, डॉ. जैनेंद्र सिंह, डॉ. अनूप मिश्रा, डॉ. आशीष चौहान, डॉ. अभिषेक गौड़, डॉ. बृजेश सोनकर, कौशलेन्द्र यादव, आशीष पटेल, बंटू एवं हरिओम सहित महाविद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
Tabeer News